Post Views 01
June 5, 2026
जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर स्थित झालाना विश्व वानिकी उद्यान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हरियाली बढ़ाने में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल भी करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्माने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री एवं जयपुर जिले के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल तथा सांसद मंजू शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved