Post Views 01
June 4, 2026
नगर निगम में ठेकेदार फर्म के अधीन कार्यरत 2250 अस्थाई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी,
मांगे पूरी नहीं होने पर ठेकेदार फर्म की निकाली शव यात्रा, गांधी भवन चौराहे पर किया दहन, मांगे पूरी नहीं होने पर और उग्र आंदोलन की तैयारी
अजमेर नगर निगम में कार्यरत 2250 अस्थाई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार चौथे दिन गुरुवार को भी जारी रही। मानदेय बढ़ाने और भविष्य निधि (पीएफ) की बकाया राशि जमा कराने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग से गांधी भवन तक ठेकेदार फर्म की शव यात्रा निकाली और चौराहे पर दहन किया। प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।
अस्थाई सफाई कर्मचारी प्रतिनिधि सनी गौयर ने बताया कि हड़ताल के चार दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन और ठेकेदार फर्म की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मजबूर होकर शव यात्रा और पुतला दहन जैसे विरोध प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के समर्थन में गुरुवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि करीब 2500 अस्थाई सफाई कर्मचारी पिछले चार दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करती है और उनके संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। जयपाल ने प्रशासन से जल्द बातचीत कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved