Post Views 01
June 5, 2026
जयपुर। कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी नीरज डांगी ने शुक्रवार को राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने विधानसभा परिसर में निर्वाचन अधिकारी भारत भूषण शर्मा के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेतृत्व ने नीरज डांगी की उम्मीदवारी को पार्टी के सामाजिक प्रतिनिधित्व और संसदीय अनुभव के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया।
नामांकन दाखिल करने से पूर्व विधानसभा परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीरज डांगी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि नीरज डांगी राज्यसभा में राजस्थान और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि डांगी का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव संसद में कांग्रेस की आवाज को और प्रभावी बनाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान से राज्यसभा की रिक्त हो रही सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस ने एक बार फिर नीरज डांगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें दूसरी बार राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार विधानसभा में कांग्रेस के वर्तमान संख्या बल को देखते हुए उनकी जीत की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नेताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved