Post Views 01
May 21, 2026
जयपुर | नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने के लिए मार्च निकाला। इस दौरान शहीद स्मारक के पास पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार छोड़कर उन्हें रोकने की कार्रवाई की। मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कंधे पर बैठा लिया। वहीं विधायक मनीष यादव बैरिकेड्स पर चढ़कर आगे जाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने नीचे उतार दिया।
दरअसल, कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग की।
गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि कांग्रेस केवल केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर छात्रों का विश्वास खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि एनटीए को भंग किया जाना चाहिए।
डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने कहा कि 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को दी गई है, लेकिन इसकी निगरानी न्यायालय के तहत होनी चाहिए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved