Post Views 01
May 20, 2026
अजमेर में महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म कर लाखों रुपए हड़पने वाले कांस्टेबल मुकेश सारण पर 25000 का इनाम घोषित. एसपी ने पहले ही कर दिया है बर्खास्त, आरोपी सिपाही चल रहा है फरार
अजमेर में महिला कॉन्स्टेबल से दुष्कर्म करने लाखों रुपए और जेवरात हड़पने सहित पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे बर्खास्त सिपाही मुकेश सारण पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर यह घोषणा जारी की है।
पीड़िता महिला कॉन्स्टेबल ने एसपी को दिए परिवाद में आरोप लगाया था कि मुकेश सारण ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और लाखों रुपए के साथ सोने-चांदी के जेवरात भी हड़प लिए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके बच्चे के सामने अश्लील हरकतें कीं। मामले में आरोपी के कुछ परिजनों के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच डीएसपी शिवम जोशी को सौंपी गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने सिपाही मुकेश सारण को राजस्थान पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया। साथ ही आरोपी की सूचना देने या उसे पकड़वाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved