Post Views 01
April 28, 2026
जयपुर। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार से ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महाभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक एवं सांसद वीडी शर्मा ने जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि यह भाजपा का एक प्रमुख वैचारिक और संगठनात्मक कौशल विकास कार्यक्रम है, जो बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक कार्यकर्ताओं को ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों में प्रशिक्षित करता है।
राष्ट्रीय सह संयोजक एवं सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना, कार्यपद्धति में निखार लाना और डिजिटल माध्यमों से कार्यकर्ताओं को आधुनिक बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण और संगठनात्मक चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित करेगा। मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित इस महाअभियान में कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि “प्रशिक्षण तरासने की प्रक्रिया है। जो सीखता है वह बढ़ता है, जो सीखना बंद कर देता है, वह बढ़ना भी बंद कर देता है।” उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन का निर्माण होता है। प्रशिक्षण महाभियान 2026 में पार्टी ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है, जो डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप है।
मदन राठौड़ ने प्रशिक्षण महाभियान को संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और एकात्म मानववाद भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रशिक्षण महाभियान को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की ताकत है और हमारी विचारधारा ही इसका आधार है। उन्होंने कहा कि “हम पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और अंत में स्वयं के लिए कार्य करते हैं।” उन्होंने कहा कि संगठन की नजर प्रत्येक कार्यकर्ता पर है और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पॉजिटिव नैरेटिव बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण का दायरा बहुत बड़ा है और इससे नई पीढ़ी को सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने ईआरसीपी योजना, देवास योजना, यमुना जल समझौता, मेट्रो, रिंग रोड और अन्य विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों को जनता तक ले जाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार घोटालों से भरी रही। उन्होंने कहा कि जेजेएम में घोटाले हुए, लेकिन वर्तमान सरकार ने केंद्र से आग्रह कर योजना को 2028 तक बढ़वाया और घर-घर जल पहुंचाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को 1.67 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.05 लाख रुपये तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है। पार्टी में हर कार्यकर्ता के लिए अवसर है और कार्यकर्ताओं को अपने काम को ही हथियार बनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, प्रशिक्षण के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौतम, सह संयोजक मनीष पारीक, जगदीश धानदिया और महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी संतोष अहलावत सहित कई नेता मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved