Post Views 51
April 28, 2026
अजमेर के अलवरगेट थाना क्षेत्र स्थित जे.पी. नगर, मदार में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार रेलवे कर्मचारी गोविंद सिंह रावत 24 अप्रैल को परिवार सहित ब्यावर के लाम्बा गांव में एक शादी समारोह में गए हुए थे। 27 अप्रैल को दोपहर करीब 12:15 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और बाहर पड़ा था। घर के अंदर जाकर देखा तो ऊपर कमरे में रखी अलमारी भी टूटी हुई थी। चोर अलमारी से सोने का नेकलेस, रखड़ी, सोने-चांदी की चेन, चांदी की पायल, नाक-कान के आभूषण सहित करीब 2 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। घटना दिन में हुई या रात में, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना पर अलवरगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved