Post Views 131
April 27, 2026
उदयपुर | संभाग के बांसवाड़ा जिले के टामटिया और बस्सी आड़ा गांव में कल रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक, जो कथित तौर पर अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, उसकी लड़की के परिवार ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी।
इस घटना के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों गांवों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया। गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे के गांवों पर हमला कर दिया। रात करीब 9 बजे लड़के पक्ष के लोगों ने 10 से ज्यादा घरों और कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इसके जवाब में टामटिया गांव के लोगों ने रात 11 बजे बस्सी आड़ा गांव पर हमला बोल दिया, जहां जमकर तोड़फोड़ और मारपीट हुई।
हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया और उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी रोक दिया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी समेत प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन तनाव बना हुआ है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved