Post Views 51
April 25, 2026
जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज होने वाले राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के रोमांचक IPL मुकाबले से पहले राजस्थान पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। क्रिकेट के इस जुनून को साइबर ठग अपनी कमाई का जरिया बना रहे हैं और फैंस को फर्जी टिकट घोटाले का शिकार बना रहे हैं।राजस्थान पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि IPL 2026 के दौरान टिकटों की भारी मांग का फायदा उठाकर साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट्स, क्लोन ऐप्स, सोशल मीडिया विज्ञापन, और WhatsApp/Instagram लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस के अनुसार ठग ऐसी वेबसाइट्स बनाते हैं जो देखने में आधिकारिक टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म जैसी लगती हैं। ये वेबसाइट्स सस्ते टिकट, VIP पास, या लास्ट मिनट ऑफर का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान करवाती हैं। भुगतान होते ही या तो वेबसाइट बंद हो जाती है या फिर फर्जी QR कोड अथवा ई-टिकट भेज दिया जाता है।
राजस्थान पुलिस ने फैंस से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से ही टिकट खरीदें। किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी स्पेलिंग, https और लॉक आइकन जरूर जांच लें। पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को स्कैन करके कभी भुगतान न करें। एक गलत क्लिक से बैंक खाता खाली हो सकता है। हाल के दिनों में कई क्रिकेट फैंस इस तरह की ठगी का शिकार हो चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु में एक टेक प्रोफेशनल से 1.46 लाख रुपए की ठगी हुई। उसने Instagram पर RCB vs CSK मैच की टिकट खरीदने के नाम पर पैसे गंवा दिए। वहीं एक महिला सिक्योरिटी गार्ड से 52 हजार रुपए ठग लिए गए। इसी तरह दिल्ली में भी डुप्लीकेट और फर्जी टिकट स्कैनिंग के मामले सामने आए हैं। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ऐसे मामलों की सक्रिय रूप से निगरानी कर रही है और फर्जी लिंक व वेबसाइट्स को ब्लॉक करने की कोशिश कर रही है।
अगर किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—
साइबर हेल्पलाइन: 1930
साइबर हेल्पडेस्क: 9256001930 / 9257510100
ऑनलाइन पोर्टल: cybercrime.gov.in
या नजदीकी पुलिस स्टेशन / साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत करें।
राजस्थान पुलिस ने कहा है कि “क्रिकेट का जुनून आपकी मेहनत की कमाई पर भारी न पड़े।” ऐसे में मैच का आनंद लें, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved