Post Views 111
April 13, 2026
उदयपुर | खेरोदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां सब्जियों से भरे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा भटेवर ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर हुआ।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि ट्रक आगे जाकर पलट गया। ट्रक में भरी सब्जियों के कट्टे सड़क पर बिखर गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। कार में सवार दो महिलाएं, एक नाबालिग सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहन चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रहे थे और तेज रफ्तार में थे। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है, जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved