Post Views 51
April 11, 2026
गज, फुट, इंच के मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
सूचना केंद्र के खुले रंगमंच पर व्यंग्य और हास्य से भरपूर प्रस्तुति,
युवाओं ने दिखाई दमदार अभिनय प्रतिभा
अजमेर 11 अप्रेल। अरमान, लालसाएँ, उम्र की तलब सबके पास होती हैं। मेरे पास भी हैं। पर किस कीमत पर? जब-जब कुछ कहना चाहा है, सबने मजाक उड़ाई है। क्यों? क्योंकि सब आगे बढ़ गए हैं और मैं उसी गद्दी पर हूँ जहाँ मेरे अनपढ़ बाप दादा बैठते थे। सच मानो जुगनी, आज के मीटर सेंटीमीटर के युग में मैं वही पुराना गज, फुट, इंच हूँ जिसे लोग कब का भूल चुके हैं। टिल्लू के इस कथन के साथ सूचना केंद्र के खुले रंगमंच पर आधुनिक नाट्य कला संस्थान् द्वारा आधुनिक शॉट् हैंड सेंटर के सहयोग से प्रसिद्ध व्यंग्यकार के. पी. सक्सेना द्वारा लिखित पारिवारिक हास्य नाटक गज, फुट, इंज का सफल मंचन किया गया। दर्शकों ने तालियों की गडगड़ाहट से सभी कलाकारों को उत्साहवर्धन किया। विकल्प सिंह के निर्देशन में गज, फुट, इंच शीर्षक से मंचित इस नाटक में भारतीय समाज में धन कमाने की लोभी प्रवृत्ति के कारण व्यक्तित्व के दमन पर व्यंग्य किया गया है। नाटक में पूजा चुंडावत, विकल्प सिंह, पवन जोशी, साक्षी शर्मा, ग्रीष्मा अत्रे, सूर्यांश शर्मा, आंचल राजपूत, मथिया काठात और रिद्धि तेंगुरिया का अभिनय दर्शकों ने बेहद पसंद किया। नाटक ने अपनी चुटीली पटकथा और बेहतरीन अदाकारी से दर्शको को अंत तक बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी व भाजपा जिला शहर अध्यक्ष, श्री रमेश सोनी एवं सुरेंद्र सिंह शेखावत ने नाट्य के अराध्य नटराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का दर्पण है। उन्होंने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि युवा कलाकारों ने जिस आत्मविश्वास और समर्पण के साथ मंचन किया, वह सराहनीय है। विशेष रूप से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देकर मंच पर लाना एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जागरूक करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी कला और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। आयोजकों को बधाई देते हुए उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सार्थक प्रयासों की अपेक्षा व्यक्त की।
राजस्थान धरोहर सरंक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के पूर्व सदस्य कंवल प्रकाश किशनानी ने कहा कि “आज के युग में जब जीवन की गति ‘मीटर-सेंटीमीटर’ की तरह तेज और मापी हुई हो गई है, ऐसे में ‘गज, फुट, इंच’ जैसे नाटक हमें हमारी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।
पूर्व सभापति सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज के समय में जब डिजिटल माध्यमों का प्रभाव बढ़ रहा है, तब भी रंगमंच अपनी आत्मा और सजीवता के कारण दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान रखता है। इस नाटक ने सामाजिक विसंगतियों पर जिस सहजता और व्यंग्य के माध्यम से प्रहार किया है, वह काबिले-तारीफ है।
भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने सभी नवोदित कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि इतनी सहजता से मंच को आत्मसात किया, कि लगता नहीं यह कलाकर पहली बार मंच पर अभिनय कर रहे है। उन्होनें का कहा कि सही मार्गदर्शन और समर्पण से कोई भी व्यक्ति रंगमंच में अपनी पहचान बना सकता है। कार्यक्रम उपस्थिति अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच कलाकारों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी कलाकारों, निर्देशक और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. हरबंस सिंह दुआ ने सभी विशिष्ट अतिथियो जलपा झा, श्रुति गौतम, एस.पी. मित्तल, डॉ. रंजन रॉय, कमल प्रकाश किशनानी, सेवानिवृत न्यायाधीश अजय शर्मा, महेंद्र सिंह रलावता, सोमरत्न आर्य, सुभाष खंडेलवाल, डॉ. बृजेश माथुर, अनिल भारद्वाज, सुनील वर्मा, व श्वेता आनंद का मोतियों की माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
वरिष्ठ रंगकर्मियों एवं पूर्व छात्रों का सम्मान
इस अवसर पर जयपुर के वरिष्ठ रंगकर्मी राजेंद्र शर्मा (राजू) एवं नाट्य समीक्षक राघवेंद्र रावत का उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए विशेष सम्मान किया गया। साथ ही, आधुनिक शॉर्टहैंड सेंटर के भूतपूर्व विद्यार्थियों हेमलता यादव, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी, चांदमल बंजारा, श्रीमती हरबंस कौर और सुरेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया। लाखन मिनी थिएटर के निर्माण के लिए राजेंद्र जादम को भी सम्मानित किया गया।
नवाचार शॉर्टहैंड के विद्यार्थियों ने थामा रंगमंच
मंचन के अवसर पर संस्थान के सचिव लाखन सिंह ने बताया कि वर्तमान में आधुनिक नाट्य कला संस्थान में वयस्क रंगमंच कलाकारों के अभाव को देखते हुए इस बार एक अनूठा प्रयोग किया गया। आधुनिक शॉर्टहैंड सेंटर के विद्यार्थियों को नाट्य प्रशिक्षण देकर नाटक तैयार कराया गया है, ताकि युवाओं में कला के प्रति रुचि जागृत की जा सके।
नेपथ्य व्यवस्था व सहयोग हर्षित शर्मा, अनिल कुमार, कीर्ति, संजू अत्रे, विष्णु अवतार भार्गव, संतोष साहू, मनीष कच्छवाह, लक्की टाक, देव कुमार, देवेंद्र सिंह, हरजीत सिंह, विकास गुर्जर, अर्णव आर्य और अनन्या आर्य का रहा।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन और संयोजन नरेंद्र भारद्वाज द्वारा किया गया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था मीना सिंह, चारू लता, विकल्प सिंह, दीपक शर्मा और सुनील वर्मा ने संभाली। अंत में सभी दर्शकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved