Post Views 41
April 12, 2026
मुंबई। दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 92 वर्षीय आशा भोसले का इलाज अस्पताल की इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बीबीसी मराठी से बातचीत में उनके भर्ती होने की पुष्टि की है। वहीं उनकी छोटी बहन उषा मंगेशकर ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वह पुणे से मुंबई के लिए रवाना हो गईं।
जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जा रहा है।
आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में से एक हैं, जिन्होंने अपने लंबे करियर में हजारों गीत गाए हैं और कई भाषाओं में अपनी आवाज दी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर में उनके प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के बीच चिंता का माहौल है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved