Post Views 21
April 4, 2026
अजमेर शहर में विदेशी व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कृष्णगंज थाना क्षेत्र में 2 अप्रैल 2026 को परिवादिया श्रीमती हेमा परवानी पत्नी मनोज परवानी, निवासी अभियंता नगर, ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया कि अरावली विहार निवासी सुमित त्रिलोकानी और उसका छोटा भाई कमल त्रिलोकानी, जो पहले से परिचित थे, ने चाइना में व्यापार के नाम पर भरोसा जीतकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने बताया कि उनकी कंपनी ‘केनोस ट्रेडिंग लिमिटेड’ के जरिए चाइना में भुगतान करना था, जिसके लिए आरोपियों ने भारतीय मुद्रा को डॉलर में कन्वर्ट करने का जिम्मा लिया।
इस दौरान हेमा परवानी और उनके पति मनोज परवानी ने आरोपियों को कुल ₹94,28,114 नकद दिए, जिसमें से करीब ₹82 लाख एक बार में और बाकी रकम दो चरणों में दी गई। आरोप है कि सुमित और कमल ने फर्जी इनवॉइस दिखाकर भरोसा दिलाया कि पेमेंट चाइना में ट्रांसफर हो चुका है।
हालांकि जब पीड़ित पक्ष ने संबंधित कंपनी से संपर्क किया तो कंपनी ने साफ इनकार कर दिया कि कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ कि आरोपियों ने धोखाधड़ी और विश्वासघात कर पूरी रकम हड़प ली।
मामले में एएसआई अर्जुन राम, किशनगंज थाना ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved