Post Views 51
March 23, 2026
सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
रसायनिक खतरों एवं आपदा प्रबंधन के प्रभावी रिस्पॉन्स पर हुई चर्चा
अजमेर, 23 मार्च । दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले रसायनों से उत्पन्न संभावित खतरों, आगजनी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि मॉक ड्रिल को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप रियल टाइम हैजर्ड सिचुएशन के आधार पर आयोजित किया जाए। इससे विभिन्न एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन किया जा सकेगा।
उन्होंने दैनिक जीवन में प्रयुक्त रसायनों से होने वाले संभावित खतरों, उनके मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रभाव तथा देश में पूर्व में घटित गैस रिसाव जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए।
बैठक में एनडीआरएफ के अधिकारियों ने खतरनाक रसायनों का परिवहन करने वाले वाहनों पर अंकित हैजकेम कोड के माध्यम से संबंधित रसायन की प्रकृति, संभावित जोखिम एवं उससे निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन उपायों की जानकारी दी । आपातकालीन स्थिति में इन कोड्स का सही उपयोग अत्यंत आवश्यक है।
रसायनिक दुर्घटनाओं से निपटने के लिए अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें प्राथमिक रूप से प्रभावित क्षेत्र से त्वरित निकासी , तत्पश्चात एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सिविल डिफेंस जैसी एजेंसियों द्वारा डिटेक्शन । उसके बाद कंटेनमेंट तथा अंत में प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्रमुखता से शामिल किया गया।
नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रसायनिक आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न प्रकार के आपातकालीन सुरक्षा सूट उपलब्ध होते हैं, जिनमें मास्क युक्त सूट, ऑक्सीजन सिलेंडर युक्त सूट आदि शामिल हैं। इनका उपयोग परिस्थितियों के अनुसार किया जाता है। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों—पुलिस, सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग एवं नगर निगम—को अपनी जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मॉक ड्रिल के लिए उपयुक्त स्थान के चयन पर चर्चा की गई। साथ ही सभी स्टेकहोल्डर्स के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई गई। सूचना प्राप्त होते ही त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए । इस दौरान विभिन्न एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से मॉक एक्सरसाइज का अभ्यास किया जाएगा।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की उपनियंत्रक श्रीमती गरिमा नरूला, उपखंड अधिकारी नसीराबाद श्री देवीलाल यादव सहित गृह, एनडीआरएफ, चिकित्सा, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved