Post Views 01
March 19, 2026
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ
नववर्ष के अवसर पर महिलाओं को मिली सौगात
महानगरों की तर्ज पर अजमेर का हो रहा विकास- श्री देवनानी
अजमेर, 19 मार्च। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत शहर में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान को ध्यान में रखते हुए सौगात के रूप में विभिन्न पिंक टॉयलेट निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान आगरा गेट स्थित सब्जी मंडी में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से तथा कवंडसपुरा मदार गेट क्षेत्र में लगभग 18 लाख रुपए की लागत से पिंक टॉयलेट निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर का विकास अब महानगरों की तर्ज पर तेज गति से हो रहा है और आमजन की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में लोग लंबे समय तक खरीदारी के लिए आते हैं । ऎसे में महिलाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में पिंक टॉयलेट विकसित किए जा रहे हैं। इनमें महिलाओं के साथ पुरुषों के लिए भी यूरिनल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी से उनकी व्यक्तिगत स्मृतियां जुड़ी हुई हैं और यह स्थान आमजन की दैनिक आवश्यकताओं का प्रमुख केंद्र है। यहां पिंक टॉयलेट के निर्माण एवं मौजूदा शौचालय के जीर्णाेद्धार से विशेष रूप से महिला उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सुविधाओं की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। इसमें स्थानीय व्यापारी भी सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
श्री देवनानी ने अजमेर में हो रहे समग्र विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर अब हर क्षेत्र में करवट ले रहा है। सड़कों के निर्माण एवं कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में गांधी भवन में बहुमंजिला आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संरक्षण एवं स्वाभिमान की ष्टि से औपनिवेशिक काल से जुड़े नामों में परिवर्तन कर फॉयसागर का नाम वरुण सागर किया गया है तथा अन्य स्थलों का भी भारतीय संस्कृति के अनुरूप नामकरण किया जा रहा है।
पर्यटन विकास के तहत पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए लेपर्ड सफारी का विकास किया जा रहा है तथा तारागढ़ के विकास पर भी लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से कार्य प्रगति पर है। पेयजल व्यवस्था को सुढ़ करने के लिए लगभग 600 करोड़ रुपए के कार्यों के माध्यम से तीन रिजर्वायर सहित विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इससे शहर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी तथा जल निकासी तंत्र को भी सशक्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति की बढ़ती मांग को देखते हुए गैस आधारित जीएसएस का निर्माण भी प्रस्तावित है। वहीं चिकित्सा क्षेत्र में भी अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। इसमें जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में 24 घंटे स्पीकर हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा मरीजों के परिजनों के लिए स्वाभिमान भोज के अंतर्गत एक रुपए में भोजन की व्यवस्था की गई है। इसका लाभ अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक लोग उठा चुके हैं। इसके अतिरिक्त जटिल रोगों के उपचार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक तथा कोटड़ा क्षेत्र में 50 बेड के सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है।
शहर की सौंदर्य वृद्धि के लिए हाईमास्ट लाइट, आकर्षक प्रवेश द्वार सहित विभिन्न कार्य भी किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सब्जी मंडी , आगरा गेट एसोसिएशन तथा मदार गेट व्यापारिक एसोसिएशन द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, पार्षद श्रीमती भारती श्रीवास्तव, पार्षद नकुल खंडेलवाल, श्री अशोक मुद्गल, योगेश शर्मा, संदीप गोयल, सुभाष जाटव, राजू साहू, श्री संदेश, श्री अनिल आडवाणी, श्री जय किशन, श्री किशन बालानी, श्री सुरेश गोयल, श्री कमलेश शर्मा, श्री भालेश गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved