Post Views 21
March 19, 2026
पुष्कर में अवैध गैस भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 512 सिलेंडर जब्त; सब-डीलर पर केस दर्ज
- तीर्थनगरी पुष्कर में अवैध गैस भंडारण और संभावित कालाबाजारी के खिलाफ जिला रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 512 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। कार्रवाई बुधवार देर रात को जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ और नीरज जैन के नेतृत्व में की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने देवनगर रोड स्थित पुष्कर गैस एजेंसी के कार्यालय और बागोलाई क्षेत्र में बने गोदाम पर एक साथ दबिश दी। जांच के दौरान कार्यालय से 64 और गोदाम से 448 सिलेंडर बरामद हुए। जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ और नीरज जैन के अनुसार एजेंसी संचालक स्वयं को इंदरा और पेवर गैस का सब-डीलर बता रहा था, लेकिन नियमों के अनुसार वह 100 किलो से अधिक सिलेंडर का भंडारण नहीं कर सकता था। जांच में यह भी सामने आया कि एजेंसी संचालक के पास 100 से अधिक सिलेंडरों के भंडारण का कोई वैध लाइसेंस या पर्याप्त दस्तावेज नहीं थे। इसके अलावा उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरण और खाली सिलेंडर वापस लेने से संबंधित भी कोई स्पष्ट रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने के बाद रसद विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी 512 सिलेंडर जब्त कर लिए। बाद में जब्त किए गए सिलेंडरों को अन्य अधिकृत गैस एजेंसियों को सुपुर्द कर दिया गया। जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ और नीरज जैन का कहना है कि पुष्कर क्षेत्र में अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं, जिनके सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved