Post Views 61
March 7, 2026
उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक किसान पर तीन भालुओं ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को देर रात उदयपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। भालुओं के हमले में किसान के मुंह, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए।
जानकारी के अनुसार गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र के रोयड़ा के पास कडेचा की भागल गांव निवासी 40 वर्षीय किसान प्रेम सिंह शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल को पानी दे रहे थे। इसी दौरान अचानक तीन भालुओं का झुंड वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद किसान ने शोर मचाया तो आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने जोर-जोर से शोर मचाकर भालुओं को भगाया, जिसके बाद वे झाड़ियों की ओर भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को तुरंत उदयपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। गांव के लोगों से रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील भी की गई है। तीन भालुओं के हमले की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले भी रोयड़ा गांव में भालुओं ने एक युवक पर हमला कर दिया था। उस समय 28 वर्षीय लालाराम गमेती मंदिर में पूजा करने जा रहे थे, तभी पंचायत भवन और मंदिर के बीच भालुओं ने उन पर हमला कर दिया था। यह पूरा इलाका कुंभलगढ़ अभयारण्य क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां भालुओं की बड़ी संख्या पाई जाती है। जंगल से सटे होने के कारण अक्सर भालू भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों में लगातार डर बना रहता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved