Post Views 01
March 6, 2026
सटीक आंकड़े ही विकास का आधार- जिला कलक्टर
चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों का दो-दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारम्भ
जिला कलक्टर ने जीरो-एरर के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश
अजमेर, 06 मार्च 2026। जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री लोक बंधु ने शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए आयोजित चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों के दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी जनगणना एक जीरो-एरर कार्य है। इसमें कार्य की शत प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि संपूर्ण भारत में प्रथम जनगणना वर्ष 1881 में हुई थी और वर्तमान में हम 16वें जनगणना (जनगणना 2027) की ओर अग्रसर हैं। यह जनगणना पूर्णतः डिजिटल होगी। इसके प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) का कार्य एक मई से 14 जून तक निर्धारित है। इसमें एक मई से 15 मई तक स्व-गणना तथा 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर फील्ड कार्य किया जाएगा। यह एक राष्ट्रीय महत्व और वैधानिक कार्य है। इसमें सभी चार्ज और अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों की भूमिका एक प्रशासक और नेतृत्वकर्ता के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रशासनिक नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
संबोधन के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि पूर्व में नियमित सहायकों का तकनीकी प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। पोर्टल पर डेटा एंट्री का तकनीकी कार्य भले ही वे करेंगे, लेकिन प्रशासनिक नियंत्रण, निरंतर मॉनिटरिंग और कार्य की शुद्धता की पूर्ण जिम्मेदारी चार्ज अधिकारियों की ही होगी।
परिपत्रों के गहन अध्ययन एवं शंका समाधान के निर्देश
उन्होंने सभी अधिकारियों को जयपुर निदेशालय से प्राप्त सभी परिपत्रों एवं दिशा निर्देशों का स्वयं गहनता से अध्ययन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन इन्ही दिशा-निर्देशों के अनुरूप होना चाहिए। जिला कलक्टर ने आग्रह किया कि जनगणना निदेशालय जयपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स श्रीमती मेघा शर्मा व श्रीमती ज्योति मीणा द्वारा दिए जा रहे सैद्धांतिक और प्रबंधकीय प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाएं और ब्लॉक निर्माण या पोर्टल प्रबंधन को लेकर यदि को शंका हो, तो इसी प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से दूर कर लें।
शिथिलता पर होगी कार्यवाही
जिला कलक्टर ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि समय-सीमा की पालना और पोर्टल एवं फील्ड कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण समन्वय स्थापित कर अजमेर जिले में इस राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योति ककवानी, उप जिला जनगणना अधिकारी श्री फूल सिंह व सहायक निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) श्री अमृतलाल खटीक सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved