Post Views 01
March 6, 2026
जयपुर। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते युद्ध संकट के कारण खाड़ी देशों सहित विदेशों में फंसे राजस्थानियों का मुद्दा गुरुवार को राजस्थान विधानसभा में उठा। दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने इस मामले को लेकर स्थगन प्रस्ताव लगाया था और खाड़ी देशों में फंसे दौसा के लोगों को सुरक्षित वापस लाने की मांग उठाई। हालांकि उन्हें इस विषय पर बोलने की अनुमति नहीं मिली, लेकिन उनके मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन को स्थिति से अवगत कराया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि विदेशों में फंसे केवल दौसा ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान के लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए राज्य सरकार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है और विदेश में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार संपर्क में हैं और विदेश मंत्रालय के माध्यम से राजस्थान के लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और विदेशों में फंसे लोगों की सुरक्षा तथा वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved