Post Views 01
March 6, 2026
उदयपुर | झाड़ोल थाना क्षेत्र की मगवास पंचायत में तीज पर्व के अवसर पर आयोजित मेले में गुरुवार शाम दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान एक गुट का युवक भागकर एक दुकान में गया, जिसके पीछे दूसरे गुट का युवक तलवार लेकर दौड़ा और हमला करने लगा। इसी बीच पास में खड़ा 5 वर्षीय बच्चा तलवार की चपेट में आ गया और घायल हो गया।
घटना शाम 6 बजे हुई, जिसके बाद मेला तुरंत बंद करवा दिया गया। घायल बच्चे को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को आज सुबह छुट्टी दे दी गई। बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है। थानाधिकारी फेलीराम मीणा ने बताया कि पुलिस को अभी तक घटना की आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन परिजनों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मेला आयोजकों ने आयोजन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली थी, जिसके लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, कमलनाथ रोड स्थित शंकरलाल पटेल की कपड़े की दुकान में वह अपने 5 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ बैठे थे। इसी दौरान मेले में दो गुटों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। झगड़े के बीच तलवार लहराई गई और बच्चा चोटिल हो गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घायल बच्चे के सिर पर 5 टांके आए हैं। पुलिस मामले की जांच जारी रखी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved