Post Views 01
February 26, 2026
अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल परिसर में दो बच्चों के साथ घूम रही एक अनजान महिला को कर्मचारियों ने संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। बच्चों के साथ महिला के व्यवहार और उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल महिला को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान महिला बच्चों के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस चौकी प्रभारी अनिल ने बताया कि दोनों बच्चों से उनके माता-पिता का नाम, पता और अन्य जानकारी जानने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला बच्चों की रिश्तेदार है या नहीं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि बच्चों की पहचान और उनके परिजनों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके। प्रारंभिक जांच में महिला मानसिक विक्षिप्त नजर आ रही है लेकिन लोगों का कहना है कि यह कई दिन से अस्पताल के अंदर और बाहर घूमती रहती है लेकिन इसके साथ बच्चे नहीं थे अब यह बच्चे कहां से आए और किसके हैं इसका पता लगाने के प्रयास जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved