Post Views 01
February 26, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कायड़ विश्राम स्थली पर होने वाली जनसभा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां की पूरी,
सेना के हेलीकॉप्टर से रखी जाएगी सभा स्थल पर नजर, बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती, खुफिया विभाग ने मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड से सभा स्थल का लिया जायजा
अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली पर 28 फरवरी को आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सभा स्थल और आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। एसपीजी सहित करीब 5 हजार जवानों की तैनाती के साथ लगभग 6 किलोमीटर का सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। सभा स्थल की सेना के हेलीकॉप्टर से निगरानी की जाएगी ।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 8 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पीएम की सुरक्षा में 5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे, साथ ही कायड़ विश्राम स्थली पर वायु सेना के हेलीकाप्टर से नजर रखी जा रही है।
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि सभा स्थल पर तीन डोम बनाए गए है। एक बड़ा डोम बनाया है, जहां 2 लाख से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्थाएं की गई है। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 8000 से अधिक वाहनों की पार्किंग तैयार की गई है। इसमें करीब साढ़े 4 हजार बसें है। इसके साथ ही अलग-अलग अफसरों और विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।
एसपी वंदिता राणा ने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर 6 किलोमीटर एरिया पर पुलिस नजर रखेगी। 10 आईपीएस सहित अन्य अफसरों को जिम्मेदारी दी गई है। सुबह 6 बजे से यातायात को लेकर अलग से व्यवस्थाएं की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर में 28 फरवरी को कायड़ विश्राम स्थली में होने वाली जनसभा को लेकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और डीजीपी राजीव कुमार शर्मा सहित प्रदेश के बड़े अधिकारियों सहित भाजपा के बड़े नेता कायड़ विश्राम स्थली पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved