Post Views 51
February 5, 2026
उदयपुर | बीजेपी नेता और प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान वल्लभ ने राहुल गांधी की समझ, भाषा और गंभीरता पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘कार्टून कैरेक्टर’ तक कह डाला।
गौरव वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी को इकोनॉमिक्स समझ में नहीं आता, तो वे रोजाना शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक उनसे ट्यूशन लें। उन्होंने कहा— “राहुल गांधी सुबह जल्दी नहीं उठते, इसलिए शाम का समय बेहतर रहेगा। साथ में योग भी करें, ताकि मानसिक संतुलन ठीक रहे और सड़क छाप बातें न करें।”
वल्लभ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलता है और आम जनता द्वारा दिए गए GST से उनके बंगले, गाड़ियां और सुविधाएं चलती हैं। “जब मैं 5 रुपए का टूथपेस्ट खरीदता हूं, तो उसके GST से राहुल गांधी का ऐश्वर्य सुनिश्चित होता है। ऐसे पद पर बैठा व्यक्ति अगर चलते-चलते गैर-जिम्मेदार बयान दे, तो दुख होता है,” वल्लभ ने कहा। राहुल गांधी द्वारा ‘गद्दार’ शब्द के इस्तेमाल पर वल्लभ ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा— “देश-दुनिया जानती है कि गद्दार कौन है। सिखों को किसने जलाया, मारा और फिर कहा कि ‘बड़ा पेड़ गिरने पर ऐसा होता है।’ संसद में इससे घटिया और बेहूदा बयान नहीं हो सकता।”
गौरव वल्लभ ने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी बिना डॉक्यूमेंट और तथ्यों के संसद में बोलते हैं। “अगर बजट समझ में नहीं आता, तो रोज शाम 4 बजे मेरे पास आएं। आधा घंटे की ट्यूशन दूंगा, फीस 4 हजार है। 30 दिन में इतना समझ जाएंगे कि देशविरोधी बातें तो नहीं करेंगे।”
वल्लभ ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा— “विदेश जाते हैं तो 10–15 दिन फ्रेश रहते हैं और स्टेबल बातें करते हैं। अभी फॉरेन नहीं जा पा रहे, इसलिए ऐसी बयानबाजी हो रही है।”
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए वल्लभ ने कहा— “डोटासरा को उन्हीं विषयों पर बोलना चाहिए जिनका उन्हें ज्ञान है—नाचना, गमछा लहराना और गाड़ियों के बोनट पर चढ़ना।” उन्होंने आरोप लगाया कि डोटासरा का विशेषज्ञता क्षेत्र वंशवाद और परिवार के लोगों को RAS बनवाना है। “आप ‘चीयर लीडर्स’ के पुरुष संस्करण हैं। डेवलपमेंट का न ज्ञान है, न डिलीवरी।”
राजस्थान के आगामी बजट पर बात करते हुए गौरव वल्लभ ने कहा कि “1 और 1 मिलकर 11 बनते हैं। यूनियन बजट 1 तारीख को आया और राजस्थान का बजट 11 को आएगा। विकसित राजस्थान से ही विकसित भारत 2047 का सपना पूरा होगा।” उन्होंने केंद्र सरकार के बजट को ‘मोदीनॉमिक्स’ बताते हुए इसे देश के लिए ऐतिहासिक करार दिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved