Post Views 01
January 14, 2026
लोहड़ी पर्व सिख समाज ने धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया
अजमेर के आदर्श नगर क्षेत्र में सिख समाज द्वारा लोहड़ी का पावन पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित कर पर्व की शुरुआत की। लोहड़ी के अवसर पर नवआगंतुकों का स्वागत किया गया तथा अग्नि में तिल, गुड़, गजक, रेवड़ी और मूंगफली अर्पित की गई। सिख समाज ने अग्नि की परिक्रमा कर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। सिख समाज के लोगों ने बताया कि लोहड़ी पर्व नई फसल के तैयार होने की खुशी और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है, इसलिए इसका विशेष महत्व है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संगीत की धुनों पर सिख समाज के महिला-पुरुषों ने नृत्य किया, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय बन गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पर्व का आनंद लिया। आदर्श नगर में मेहरा परिवार द्वारा भी लोहड़ी का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की झलक देखने को मिली। लोहड़ी पर्व ने समाज में एकता, परंपरा और संस्कृति को सशक्त करने का संदेश दिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved