Post Views 31
January 14, 2026
उदयपुर में मकर संक्रांति और एकादशी के पावन अवसर पर गोवर्धन सागर रिंग रोड स्थित पन्नाधाय पार्क में ऐसा दृश्य देखा गया, जिसे वहां मौजूद हर श्रद्धालु जीवनभर याद रखेगा। विराट उत्तरायण अर्घ्य पर्व में योग, अध्यात्म और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां 551 जोड़ों ने सामूहिक रूप से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और विश्व शांति की मंगलकामना की।
सुबह 108 सूर्य नमस्कार से हुआ आगाज, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लेकर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। योगाभ्यास के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य पताका फहराई गई, और पूरा परिसर जय सूर्यदेव और हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। सर्वाधिक रोमांचक और भव्य हिस्सा था सामूहिक अर्घ्य दान। देश की पांच पवित्र नदियों के जल को विशेष रूप से इस अवसर पर लाया गया और 551 जोड़ों ने मंत्रोच्चार के बीच सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। एकादशी के संयोग के कारण भगवान शिव को भी साक्षी मानकर विशेष पूजा अर्चना की गई। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी ने सूर्य के उत्तरायण होने के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह समय न केवल धार्मिक दृष्टि से शुभ है, बल्कि स्वास्थ्य और जीवन ऊर्जा के लिए भी लाभकारी है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम दिनेश श्रीमाली, पूर्व प्रधान तख्तसिंह शक्तावत, आलोक स्कूल के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत, पतंजलि योगाचार्य अनीता पालीवाल समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और ऐसे सामूहिक आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
एक ऐसा दृश्य, जहां सूर्य, योग और श्रद्धा का संगम देखने वालों को मंत्रमुग्ध कर गया- उदयपुर में उत्तरायण का पर्व इस बार और भी खास बन गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved