Post Views 51
January 11, 2026
चिकित्सा सेवा, समर्पण और सादगी से मनाया विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का जन्मदिन, जवाहर लाल नेहरू अस्पताल व कोटड़ा सैटेलाईट चिकित्सालय में उपकरण भेंट
निवास पर सुदंरकांड का पाठ, मुख्यमंत्री व लोकसभा अध्यक्ष सहित गणमान्य व्यक्तियों ने दी शुभकामनाएं
अजमेर, 11 जनवरी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जन्मदिवस रविवार को चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण एवं सादगी से मनाया गया। देवनानी ने जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय और कोटड़ा सैटेलाईट अस्पताल में उपकरण भेंट किए। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दी। देवनानी के निवास पर सुन्दरकांड का भी आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपना जन्म दिवस जन सेवा के साथ मनाया गया। जेएलएन चिकित्सालय में उन्होंने जनहितार्थ विभिन्न कार्यों का शुभारम्भ भी किया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के द्वारा जेएलएन चिकित्सालय में हृदय रोग विभाग के नवनिर्मित आईसीयू में 10 मोटराईज्ड पलंग उपलब्ध कराए गए। समस्त पलंग मैट्रेस सहित थे। इसके लिए टाटा पावर अजमेर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने सामुदायिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फण्ड के माध्यम से सहयोग प्रदान किया गया। इस कार्य के लिए प्रेरणा महावीर इन्टरनेशनल के अजमेर केन्द्र द्वारा दी गई थी। हृदय रोग विभाग के मरीजों के लिए 200 कम्बल भी प्रदान किए गए। यह कार्य इण्डियन पीपल फॉरम (आईपीएफ) राजस्थान कॉसिंल यूएई के द्वारा किया गया।
देवनानी ने जेएलएन चिकित्सालय में सर्जिकल आईसीयू के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। यह नवीनीकरण कार्य लॉयन्स क्लब के भामाशाहों के सहयोग से हुआ। आईसीयू का नवीनीकरण राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी ने किया था। इस कार्य के लिए भामाशाहों ने 9.25 लाख का सहयोग प्रदान किया था। डॉ. लक्ष्मण सिंह चारण ने स्वरचित कविता वासुदेव जी थाने जन्मदिन की घणी बधाई का कविता पटट् भेंट किया। जेएलएन चिकित्सालय स्थित विधानसभा अध्यक्ष हैल्पडेस्क के कार्मिकों के साथ चर्चा भी की।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इन सुविधाओं से मरिजों को शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी। मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए पलंग बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। गत बीस वर्षोे से सर्जिकल आईसीयू के कार्यशील रहने से वह भी जर्जर हो गया था। संक्रमण का भी खतरा रहता था। सर्जिकल आईसीयू के नवीनीकरण से मरीजों को संक्रमण रहित वातावरण मिलेगा। साथ ही शल्य क्रिया कर रहे चिकित्सकों को भी कार्य में आसानी होगी। प्रत्येक मरीज के लिए अलग पर्दा होने से शल्य क्रिया के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा। यहां स्पीकर हैल्पडेस्क के माध्यम से हजारों मरीजों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गत दो वर्षों में जेएलएन चिकित्सालय को 250 करोड़ से अधिक राशि उपलब्ध कराई है। इससे चिकित्सा सुविधाएं बेहतर हुई है। चिकित्सालय का जिणोद्धार 50 करोड़ की राशि से हो रहा है। विभिन्न उपकरणों के लिए 15 करोड़ से अधिक राशि प्रदान की गई। यह राशि डीएमएफटी के माध्यम से मिली। इसी प्रकार निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के लिए भी 46 करोड़ की राशि जारी की गई है। इससे यह चिकित्सालय सम्भाग ही नहीं प्रदेश के अग्रणी चिकित्सालयों में शामिल होगा। उन्होंने कोटड़ा सैटेलाईट अस्पताल में भी उपकरण भेंट किए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, राजेश शर्मा, श्रीमती भारती श्रीवास्तव, रचित कच्छावा, प्रवीण जैन, श्रीमती रेणु यादव, महावीर इन्टरनेशनल के पदमचन्द जैन, कमल गंगवाल, महेन्द्र रांका, जगदीश बच्चानी, लॉयन्स क्लब के अशोक जैन, रवि तोषनीवाल डॉ वेद्य एवं मधु शर्मा सहित कई चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved