Post Views 81
November 25, 2025
उदयपुर। सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी मांगीलाल मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िताओं के परिजनों ने थाने में छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज करवाया था। थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, 21 अक्टूबर को तीन नाबालिग लड़कियां मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। लौटते समय आरोपी उनके पीछे-पीछे आया और जबरन मोबाइल नंबर देने के लिए पर्ची थमाई। विरोध करने पर उसने लड़कियों की चुनरी खींचने की कोशिश की और धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो वह उन्हें पेट्रोल डालकर जला देगा। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी बाइक से फरार हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शुरुआत में पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी वाघेला ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और पीड़ित पक्ष को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved