Post Views 11
November 4, 2025
उदयपुर। जिले के कोटड़ा में बीते तीन दिन से अवैध गांजे की खेती के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। डीएसटी और कोटड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 135 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। थानाधिकारी मूंगलाराम ने बताया कि थाना सर्कल में एक साथ 2 अलग-अलग कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई गांव डुंगरिया में आरोपी नारायण के यहां हुई। यह अपने खेत में अवैध गांजे की खेती कर रहा था। इसके यहां से कुल 109 किलो हरे गीले गांजे के पौधों को जब्त किया गया। आरोपी नारायण मौके से फरार हो गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई डुंगरिया गांव में ही आरोपी लूगिया उर्फ लुकिया के घर में हुई। जिसके यहां से 26 किलो 250 ग्राम हरे गांजे के पौधे मिले। जिन्हें जब्त किया गया। थानाधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों में मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई जारी है। एक दिन पूर्व भी इसी गांव में 239 किलो 600 ग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए थे। तीन कार्रवाई में अब तक 375 किलो गांजे के पौधे जब्त किए जा चुके है। आपको बता दें कि तीन दिन पूर्व कोटड़ा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरों ने करीब 50 बीघा भूमि पर उगाए गए 8000 से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए थे।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved