Post Views 01
October 2, 2025
गंज थाना पुलिस के हत्थे चढ़ी लुटेरी दुल्हन और दलाल, 1लाख 80 हजार रुपए लूट कर ले गई थी दुल्हन, पुलिस ने गिरफ्तार कर ₹5000 किए बरामद, अदालत में किया पेश
गंज थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली है। तीनों महिलाओं को उत्तर प्रदेश में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। लुटेरी दुल्हन शादी के 2 दो दिन बाद महिला दलाल सहित 1लाख 80 हजार रुपए लेकर फरार हो गई थी। तीनों को गंज थाना पुलिस ने आज अदालत में पेश किया है। तीनों महिलाओं का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।
गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए थाने के एएसआई राकेश सिंह ने बताया कि कमला बावड़ी निवासी प्रमोद कुमार द्वारा थाने पर 2 महीने पूर्व लुटेरी दुल्हन के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज करवाया गया था।
कमला बावड़ी निवासी प्रमोद कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी काफी समय से शादी नहीं हो रही थी। एक दलाल से उसका संपर्क हुआ था। दलाल ने उत्तर प्रदेश की महिला दलाल मनीषा का नंबर दिया था। मनीषा ने शादी करवाने के लिए परिवार को 1,80,000 रुपए देने की डिमांड की थी। पीड़ित ने बताया कि दलाल मनीषा ने लड़की का फोटो भेजा। दोनों तरफ से फोटो देखने के बाद रिश्ता तय हो गया था। इसके बाद उसने 5 हजार रुपए अजमेर आने के लिए भी भेजे थे। 4 अगस्त को चार महिलाएं और एक लड़का सियालदह ट्रेन से अजमेर आया था। लड़के ने खुद को लड़की का भाई बताया था। बाकियों ने मौसी, भाभी और नानी होना बताया था। सभी को पुरानी मंडी एक होटल में ठहराया गया था। उसी दिन रीजनल कॉलेज के सामने आर्य समाज में गए और वहां हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली थी। इसके बाद उसने 1,80,000 रुपए मनीषा को ट्रांसफर कर दिए थे। दूसरे दिन वह अपनी पत्नी के साथ दरगाह क्षेत्र में गया था। जहां से दुल्हन फरार हो गई।
आदि रिपोर्ट पर टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम की ओर से मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट पर रखा गया। इस बीच सूचना मिलने पर एक टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और अलग-अलग जगह पर दबिश देकर लुटेरी दुल्हन इस्लामपुर उत्तर प्रदेश निवासी 22 वर्षीय सानिया दास उर्फ रिया पत्नी सोनू सहित महिला दलाल 27 वर्षीय मनीषा कुशवाह पत्नी राजकुमार सहित गिरोह की मास्टरमाइंड तारा देवी पत्नी श्यामसुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के पास से 5 हजार रुपए की नगदी ही बरामद हुई ।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved