Post Views 01
September 14, 2025
विधानसभा अध्यक्ष व उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने जल प्रलय से प्रभावित 235 परिवारों को सहायता राशि के चेक किये वितरित, सरकार की तरफ से भी हर संभव मदद का दिलाया भरोसा, भामाशाहों की मदद से एकत्रित 31 लाख व अपनी स्वयं की तनख्वाह और सभी भत्तों को प्रभावितों को किया समर्पित
4 सितंबर की रात बोराज तालाब की पाल टूटने से स्वास्तिक नगर, रावत नगर सहित आसपास के क्षेत्र में हुई जलप्रलय से प्रभावित परिवारों को शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने राहत प्रदान करते हुए सहायता राशि के चेक वितरित किए।
देवनानी ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए सर्वे में चिन्हित लगभग 235 परिवारों को यह राशि प्रदान की ।
उन्होंने लोगों को को आश्वासत किया कि यदि कोई परिवार सर्वे में छूट गया है तो उसे भी चिन्हित कर सहायता प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि तालाब की पाल टूटने के बाद देवनानी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की थी। उस समय उन्होंने हर संभव मदद एवं सहायता देने का वादा किया था।
शनिवार को देवनानी ने अपना एक माह का वेतन भत्ता और भामाशाहों की मदद से जुटाए गए कुल 31 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक पीड़ित परिवारों को वितरित किए। सहायता राशि के चेक प्राप्त करने वाले प्रभावित परिवारों ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का आभार जताया। देवनानी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को संबल देना है। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से भी अलग से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जल प्रलय के बाद वे खुद एक-एक फिट पानी में चलकर पीड़ित परिवारों से मिले और उनके दर्द को जाना। नुकसान काफी बड़ा है पूरे नुकसान की तो भरपाई नहीं हो सकती लेकिन जितनी जो मदद, सहायता व्यक्तिगत और सरकार के स्तर पर की जा सकती है वह की जाएगी साथ ही उन्होंने कहा कि लगभग 12 तालाबों की पाल को दोबारा से बनाने और रिपेयर करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा फिर ना हो सके।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved