Post Views 01
September 12, 2025
स्वदेशी अपनाकर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाएं कैडेट- देवनानी, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन
अजमेर, 12 सितम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने स्वदेशी के साथ राष्ट्र निर्माण में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवा जोश की सक्रिय भागीदारी बेहद अहम है। श्री देवनानी ने कहा कि भारत आज सभी मोर्चो पर आत्मनिर्भता के साथ आगे बढ़ रहा है। सीमाओं की रक्षा का मसला हो या फिर आर्थिक मोर्चे पर परचम फहराने का, देश इन दिशाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित एनसीसी कैडेट्स वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में एनसीसी कैडेट्स के महत्वपूर्ण भूमिका है। देश का सबसे बड़ा युवा संगठन होने के नाते एनसीसी कैडेट्स पर ज्यादा जिम्मेदारी है। वह स्वदेशी को स्वीकार करें। देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में रोजगार मांगने की बजाय रोजगार देने की सोच को बढ़ावा दें, राष्ट्र की सेवा करें। इससे 2047 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बने।
अपने उद्बोधन में उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संस्कार के साथ भारत की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं का अनुसरण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय के साथ ही हम विश्व में महान बन सकते हैं। विश्व में अपनी-अपनी धरा को किसी भी देश में माता नहीं कहा जाता, जिस प्रकार माता अपने पुत्र का लालन-पालन कर पोषण करती है। ठीक उसी प्रकार भारत माता हम सबका लालन-पालन कर पोषण कर रही है। इसकी सुरक्षा करना, संस्कृति को बचाए रखना, परंपराओं का अनुसरण करना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को विश्व तक पहुंचाना हमारा परम कर्तव्य है।
उन्होंने अपने उद्बोधन में एनसीसी कैडेट्स का उत्साह वर्धन करते हुए कैंप में आए सभी विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान बनने की सीख दी। इससे देश का अच्छा नागरिक तैयार होने पर भारत उन्नति और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल अजय दाधीच ने मुख्य अतिथि श्री वासुदेव देवनानी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया, कैडेट परशुराम द्वारा मुख्य अतिथि श्री देवनानी का फोटो भेंट की, कैंप के सीनियर अंडर ऑफिसर जसोदा और दिव्यांशु को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कैंप एजूडेट कैप्टन संत कुमार ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सर्वाेत्तम प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को कर्नल अजय दाधीच कैंप कमांडेंट द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अतिथि कमान अधिकारी कर्नल एमके सिंह रहे। कैंप रिपोर्ट कैप्टन डॉ. अनिल कुमार नेनावत ने प्रस्तुत की, मंच संचालन काव्यांशी ने किया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved