Post Views 81
September 10, 2025
उदयपुर। नेपाल में चल रही हिंसा का असर अब राजस्थान के उदयपुर तक पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, शहर के करीब 35 लोग नेपाल में फंसे हुए हैं। पूर्व पार्षद अनिल सिंघल अपने परिवार सहित 5 सितंबर को नेपाल के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने बताया कि जब हिंसा भड़की, तब वे पोखरा में एक होटल में ठहरे हुए थे। फिलहाल वे परिवार के चार सदस्यों के साथ उसी होटल में सुरक्षित हैं। अनिल सिंघल ने बताया कि वे 12 सितंबर को काठमांडू से दिल्ली के लिए फ्लाइट लेने वाले थे। योजना के अनुसार आज वे पोखरा से काठमांडू के लिए निकलने वाले थे, लेकिन हिंसा के चलते हालात बिगड़ गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस, दमकल और प्रशासन के लोग घटनास्थल से हट चुके हैं और अब सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि उन्होंने राहत की बात भी कही कि आंदोलनकारी पर्यटकों को परेशान नहीं कर रहे हैं और होटल में सभी सुरक्षित हैं। फिलहाल उदयपुर के परिजन लगातार संपर्क में हैं और सभी लोगों की सुरक्षित वापसी की कोशिशें की जा रही हैं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved