Post Views 51
September 5, 2025
उदयपुर। शहर के पास स्थित उदयसागर झील में एक दुखद हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक झील के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह झील में गिर गया और डूब गया। घटना के समय झील के नीचे माता जी की परसादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी कार्यक्रम में भल्लों का गुड़ा निवासी गोपीलाल आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह झील के उस स्थान पर खड़ा था जहां गेट खुले रहते हैं। वहीं कुछ बच्चों के सामने वह सेल्फी ले रहा था कि अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और वह पानी में जा गिरा। बच्चों ने घटना को देखा और शोर मचाया। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक डूब चुका था। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से करीब आधे घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर युवक का शव बरामद किया गया। इसके बाद शव को प्रतापनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि सेल्फी के दौरान सावधानी बरतना कितना जरूरी है, खासकर जलाशयों और ऊंचे स्थानों पर।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved