Post Views 01
July 2, 2025
पाली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मदन राठौड़ ने बुधवार को अपना 71वां जन्मदिन पूरी सादगी, श्रद्धा और सेवा भावना के साथ मनाया।
71 वां जन्मदिन की शुरुआत उन्होंने पाली स्थित अपने आवास पर पारंपरिक पूजा-अर्चना और हवन के साथ की, तत्पश्चात वे मानपुरा भाखरी केशव गौशाला पहुँचे, जहाँ उन्होंने गायों को लापसी और गुड़ खिलाकर गौसेवा की। इसके बाद उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।मदन राठौड़ के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बेरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, तथा उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित अनेक राज्य व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
मदन राठौड़ का जन्म 2 जुलाई 1954 को राजस्थान के पाली जिले के रायपुर गांव में हुआ था। उन्होंने 1974 में बंगुर कॉलेज, पाली से गणित विषय में बी.एससी. की उपाधि प्राप्त की थी। राठौड़ का जीवन राष्ट्रसेवा से प्रारंभ हुआ—वे 1972 से 1978 तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक रहे, और उसी मूल भाव के साथ आज भी जनसेवा में सक्रिय हैं।
उनका जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के लिए एक प्रेरणास्रोत बना। पूरे दिन उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा, लेकिन राठौड़ ने इसे व्यक्तित्व विकास, सेवा और पर्यावरण प्रेम के साथ जोड़ते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved