Post Views 51
June 27, 2025
अहमदाबाद में शुक्रवार सुबह भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रा में शामिल एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। सुबह 10 बजे के करीब यह हाथी, जो 17 हाथियों के ग्रुप में सबसे आगे चल रहा था, अचानक उत्तेजित हो गया। इसके चलते रथ यात्रा में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।स्थिति को भांपते हुए वन विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए हाथी को नियंत्रित किया। इसके बाद एहतियातन तीन हाथियों जिनमें दो मादा और एक नर हाथी शामिल हैं को रथ यात्रा से हटा दिया गया है। अब रथ यात्रा में कुल 14 हाथी शामिल रहेंगे।जगन्नाथ रथ यात्रा अहमदाबाद के जमालपुर स्थित ऐतिहासिक मंदिर से सुबह 7 बजे शुरू हुई थी। इससे पहले सुबह 4 बजे मंगला आरती हुई, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और उनका परिवार भी शामिल हुआ। भगवान को खिचड़ी का भोग लगाया गया। सुबह 5 से 6 बजे के बीच भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की मूर्तियों को रथ पर विराजमान किया गया।गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाहिंड विधि कर रथ यात्रा की शुरुआत की। परंपरा के अनुसार, यात्रा की शुरुआत में रथ के आगे सोने की झाड़ू लगाई जाती है। शाम तक रथ यात्रा पुनः जमालपुर मंदिर लौटेगी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved