Post Views 41
December 9, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य "राइजिंग" तो है ही, साथ ही "रिलायबल" भी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान "रिसेप्टिव" भी है और समय के साथ खुद को "रिफाइन" करना भी जानता है। चुनौतियों का सामना करने और नए अवसरों का निर्माण करने की क्षमता ने राजस्थान को देश के सबसे प्रभावशाली राज्यों में से एक बना दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "राजस्थान के इस आर फैक्टर में एक और नाम जुड़ गया है। यहां के लोगों ने भारी बहुमत से एक रिस्पॉन्सिव और रिफॉर्मेटिव सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनकी टीम ने शानदार काम करके यह साबित किया है।"
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि जब राज्यों का विकास होगा, तभी देश का विकास होगा। "राजस्थान क्षेत्रफल के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य है, और यहां के लोगों का दिल भी उतना ही बड़ा है। यहां के लोगों की ईमानदारी, परिश्रम और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने का जज़्बा पूरे देश के लिए प्रेरणा है।"
प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा, "पिछले 10 वर्षों में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आजादी के बाद 70 वर्षों में भारत ने जो हासिल किया, उससे कहीं ज्यादा तेजी से हमने पिछले दशक में तरक्की की है। भारत का निर्यात (एक्सपोर्ट) भी इस अवधि में लगभग दोगुना हो गया है।"
उन्होंने कहा, "डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, डिजिटल डेटा और डिलीवरी की ताकत भारत की सफलता का आधार है। भारत जैसे विविधता वाले देश में लोकतंत्र इतनी मजबूती से फल-फूल रहा है, यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। आज भारत की जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के माध्यम से स्थिर और सशक्त सरकार को चुन रही है। यह भारत की प्रगति का प्रतीक है।"
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved