Post Views 11
December 21, 2022
सर्दी के मौसम के बीच चोरों का पग फेरा बढ़ा, केसरगंज कबीर मार्ग पर अग्रवाल डिस्पोजल की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, दुकान के ताले तोड़कर शटर को ऊंचा कर गल्ले में रखे ₹16000 रूपये चुराए, वारदात सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
सर्दी की सर्द रातों के बीच जब लोग घरों में दुबक कर सो रहे होते हैं तब चोर दुकानों और मकानों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देने में जुटे होते हैं। ऐसा ही एक वाकया केसर गंज पुलिस चौकी के पास केसरगंज कबीर मार्ग पर स्थित अग्रवाल डिस्पोजल की दुकान पर हुआ। जब रात 3:00 बजे अज्ञात चोर शटर के ताले तोड़कर शटर को ऊंचा कर दुकान में घुसे और गल्ले को तोड़कर उसमें रखे ₹16000 रूपये की नकदी चुराकर ले गए। दुकान मालिक जय गोयल ने बताया कि पूर्व में भी 6 महीने पहले चोरी की वारदात हो चुकी है जिसकी शिकायत क्लॉक टावर थाने में की गई लेकिन अभी तक उस घटना का भी कोई खुलासा नहीं हुआ है। जिसके बाद दोबारा फिर से वारदात हो गई है। चोरों ने आगे एक और दुकान के ताले तोड़े लेकिन शोर हो जाने पर वह वहां से भाग छूटे। चोरों द्वारा की गई घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए गए हैं ।
पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर लिया है। अब देखना होगा कि पुलिस के हाथ चोरों के गिरेबान तक कब पहुंचते हैं। केसरगंज व्यापारिक एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश प्रदर्शित किया और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की।
इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा और उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के साथ गश्त बढ़ाने की मांग का ज्ञापन सौंपा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved