Post Views 201
December 12, 2022
तीर्थ नगरी पुष्कर में इन दिनों शादी समारोह की धूम है। पुष्कर कस्बा और आसपास के क्षेत्र में बने रिसोर्ट शहनाई और डीजे की धून से हर रात गूंज रहे हैं। ऐसे ही एक शादी में शरीक होने आए नागौर के सोनी परिवार की खुशियां अचानक गम में तब्दील हो गई। जहां करीब 18 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण चोरी हो गए। जिसको लेकर पीड़ित में पुष्कर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना के 14 दिन बीत जाने के बावजूद अभी पुष्कर पुलिस के हाथ खाली है।
पुष्कर के निकटवर्ती जिले नागौर के मूंडवा निवासी 40 वर्षीय गणेश सोनी पुत्र ओमप्रकाश सोनी ने पुष्कर पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी पूजा सोनी के साथ 28 नवंबर को अपने रिश्तेदार संजय सोनी के विवाह समारोह में शामिल होने पुष्कर आया था। इस दौरान वे पुष्कर के रॉयल डायमंड रिसोर्ट में कमरा नंबर 7 में ठहरे हुए थे। शादी का मुख्य कार्यक्रम होटल के पास ही अरावली हिल्स रिजॉर्ट में आयोजित किया गया। शाम 5:00 बजे वापस आने पर होटल के कमरे का ताला नहीं खुल पाया। इस पर पीड़ित गणेश सोनी ने आधे घंटे मशक्कत कर ताला खोलने की कोशिश की। ताला नहीं खुलने की सूरत में गणेश सोनी ने व ताला तुड़वा दिया । शाम 7:00 बजे वापस शादी में शामिल होने के लिए जाते वक्त रिसोर्ट संचालक ने कमरे पर नया ताला लगवा दिया। रात 10:00 बजे सोनी दंपत्ति पुनः कमरे पर आकर सो गए। अगले दिन 29 नवंबर को सोनी दंपत्ति सुबह 10:00 बजे अपने सोने के जेवरात कमरे में रखकर सरोवर के को घाट पर पूजा अर्चना के लिए चले गए। इसके बाद अपने रिश्तेदारों से मिलकर सोनी परिवार नागौर के लिए रवाना हो गया। घर जाकर जब बैग से समान निकाला तो बैग से जेवर का डब्बा, सिंगार पेटी, और लेडीस बैग गायब था। जिसे देखकर सोनी दंपत्ति के होश उड़ गए। सोनी दंपत्ति मामले की शिकायत लेकर हाथों-हाथ पुष्कर थाने पहुंचे। और अपने साथ हुई चोरी की वारदात को पुष्कर थाने में दर्ज करवाया।
पीड़ित गणेश सोनी ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा शादी में सोने के रखडी सेट 45 ग्राम. झूमरी कनोटी 25 ग्राम. आड-1, 70 ग्राम. कडा -2, 88 ग्राम. अंगूठी -6, 50 ग्राम. नोज पीन-1, 2 ग्राम अपने साथ लाए थी । 280 ग्राम सोने के आभूषण जिनकी कुल कीमत 18 लाख रुपए से अधिक है ।
पीड़ित गणेश सोनी ने बताया कि उनके आभूषणों का बैग कहीं से कटा या फटा नहीं है। और उन्होंने शादी के बाद सारे आभूषण बैग में रख दिए थे। रिसोर्ट के 4 कर्मचारियों की गतिविधियों को देखकर पीड़ित ने चोरी की वारदात को लेकर चारों कर्मियों पर शक जताया है । पुष्कर पुलिस द्वारा 29 नवंबर की घटना को 9 दिसंबर को भारतीय दंड संहिता की धारा 380 में दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच पुष्कर थाने के एसआई चितर मल वैष्णव को सौंपी गई है। हैरत की बात है कि मामले में जांच के दौरान पूरे रिसोर्ट में सीसीटीवी कैमरे काम करते नजर नहीं आए। वही मामले के 14 दिन बीत जाने के बावजूद चोरी का खुलासा नहीं होना पुलिस के कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। ऐसे में राजस्थान पुलिस का घोषवाक्य "अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास" जमीनी स्तर पर सार्थक होता नजर नहीं आ रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved