Post Views 21
October 21, 2022
जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित
अजमेर 21 अक्टूबर। जिला प्रमुख श्रीमती सुशील कंवर पलाड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को रीट सभागार में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिला कलक्टर श्री अंशदीप तथा पुलिस अधीक्षक श्री चूनाराम जाट ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास तथा समस्याओं के निराकरण के संबंध में चर्चा की।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हेमन्त स्वरूप माथुर ने बताया कि जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई इसमें मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना की वार्षिक कार्य योजना 2022-23 का अनुमोदन किया गया। इसमें वर्ष 2022-23 में महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत 100 दिवस का रोजगार पूर्ण करने वाले परिवारों को राज्य मद से अतिरिक्त 25 दिवस का रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले की 11 पंचायत समितियों से प्राप्त कार्य योजना के अनुसार जिलें में 88 हजार 692 परिवार 100 दिवस का रोजगार पूर्ण कर सकते है। इनके लिए 44 लाख 34 हजार 600 मानव दिवस सृजित किए जा सकेंगे। श्रम बजट के लिए 102 करोड़ 43 लाख 93 हजार की राशि की आवश्यकता रहेगी। जिले के प्रस्तावित कायोर्ं की संख्या 5 हजार 289 है। इन पर 166 करोड़ 93 लाख 76 हजार का अनुमानित व्यय होगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, वन विभाग, जल ग्रहण विभाग, विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, पशुपालन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यो पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप जिला प्रमुख श्री हगामी लाल, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विजय सिंह सहित पंचायत समितियों के प्रधान, जिला परिषद सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved