Post Views 81
October 13, 2022
शुद्ध के लिए युद्ध अभियान
जांच दलों का किया गया गठन
अजमेर, 13 अक्टूबर। शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के अन्तर्गत जिले में प्रभावी कार्यवाही के लिए जांच दलों का गठन किया गया है।
जिला कलक्टर श्री अंश दीप ने बताया कि जिले में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रभावी पर्यवेक्षण एवं कार्यवाही के लिए जांच दल गठित किए गए है। अजमेर नगर निगम क्षेत्र के लिए उपखण्ड अधिकारी श्री महावीर सिंह की अगुवाई में दल गठित किया गया है। इस दल में पुलिस उपनिरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री महेश कुमार शर्मा, जिला उद्योग केन्द्र की सहायक निदेशक श्रीमती टिनू शर्मा, रिको की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती सीमा एवं डेयरी प्रतिनिधि श्री दीपक वैष्णव होंगे। नगर निगम क्षेत्र के अतिरिक्त जिला क्षेत्र के लिए गठित दल में लोक सेवाओं की सहायक निदेशक श्रीमती देविका तोमर, पुलिस उपनिरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुशील चोटवानी, जिला उद्योग अधिकारी श्री राकेश दुचानिया, रिको ब्यावर के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राहुल बेनीवाल एवं डेयरी प्रतिनिधि श्री देवराज होंगे।
उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तर पर भी शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के लिए विशेष दल का गठन किया गया है। इसके टीम लीडर सम्बन्धित उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी अथवा नायब तहसीलदार होंगे। इस दल में पुलिस उपनिरीक्षक, विधिक माप विज्ञान अधिकारी एवं ब्लॉक अनुसार डेयरी प्रतिनिधि के अतिरिक्त उपखण्ड अजमेर, पुष्कर, पीसांगन, नसीराबाद, किशनगढ़, रूपनगढ़ एवं अरांई के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री महेश कुमार शर्मा और उपखण्ड सरवाड़, केकड़ी, भिनाय, मसूदा, ब्यावर एवं टॉडगढ़ के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुशील चोटवानी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने बताया कि ये दल खाद्य पदार्थ विनिर्माण तथा विक्रय केन्द्रों के साथ ही वजन तोलने की मशीन, पेट्रोल-डीजल पम्प आदि की जांच का कार्य करेंगे। इस संबंध में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर के कन्ट्रोल रूम नम्बर 0145-2631111 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी। जिले में बाट तौल माप संबंधित शिकायत विधिक माप विज्ञान अधिकारी सुश्री भावना दयाल के मोबाईल नम्बर 9462512352 पर दर्ज करवाई जा सकती है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved