Post Views 31
August 24, 2022
बाल आयोग और कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाउंडेशन के सहयोग से पुलिस के साथ मिलकर प्रदेश भर के 22 थानों में 22 बाल मित्र कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अजमेर के क्रिश्चियन गंज थाना और रामगंज थाने में दो बाल मित्र कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया गया। अजमेर पुलिस महा निरीक्षक रुपिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, प्रियंका रघुवंशी, सीओ नार्थ छवी शर्मा सहित थाना प्रभारी डॉ रविश सामरिया, थाना प्रभारी रामगंज सतेंद्र नेगी के साथ बाल आश्रम के ट्रस्टी राजेंद्र गुंजल, कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाउंडेशन के राजीव भारद्वाज, सीडब्ल्यूसी की चेयरपर्सन अंजली शर्मा, के आथित्य में दोनों बाल मित्र कक्ष का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक रुपिंदर सिंह ने बताया कि बाल अपराधों से संबंधित मामलों में पीड़ित और बाल अपचारी को पुलिस थाने में खाकी के खौफ से निजात दिलाने के लिए बाल मित्र कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिनमें जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधान के तहत जब भी पीड़ित बच्चा थाने आएगा तो पुलिसकर्मी उससे सादा वर्दी में बातचीत करेंगे। उसके साथ बाल रूप वाला वातावरण स्थापित किया जाएगा। बनाए गए बाल मित्र कक्ष में कार्टून व कक्षा कक्षों की तरह रंग बिरंगी चित्रकारी की गई है तो वही बैठने ओर पढ़ने के लिए किताबें, खिलौनों के साथ बच्चों को घर जैसा माहौल उपलब्ध करवाया गया है। कार्यक्रम में राजस्थान महिला कल्याण मंडल के निदेशक राकेश कुमार कौशिक, सचिव क्षमा काकडे कौशिक सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस मौके पर मीनू मनोविकास मंदिर के बच्चों द्वारा आकर्षक देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान दोनों थाना परिसर में आईजी एसपी व अतिथियों ने पौधारोपण भी किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved