Post Views 11
August 1, 2022
श्रावण मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी सोमवार का दिन शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। वही नगर निगम स्थित शिव मंदिर में अधिकारी कर्मचारी संघ की ओर से सहस्त्रधारा का आयोजन किया गया। इसी के साथ भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सुभाष उद्यान में टिफिन गोठ आयोजित कर महिला मोर्चा की सदस्यों ने रंग-बिरंगे लहरिये पहन कर स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ गीत संगीत नृत्य और झूलों का जमकर आनंद लिया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव ने बताया कि 2 साल कोरोना काल की वजह से घरों में कैद रहे। इस वर्ष भगवान की कृपा से सब कुशल मंगल है। व्रत त्यौहार उपवास सभी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाये जा रहे हैं। ऐसे में सावन महीने में इंद्रदेव भी मेहरबान है और मौसम भी सुहाना है । लिहाजा आज हरियाली तीज के दूसरे दिन महिला मोर्चा की सभी सदस्यों को एक जगह पर इकट्ठा कर मस्ती करने के लिए टिफिन गोठ का आयोजन किया गया है। जिसमें सभी महिलाएं अपने साथ घर से विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर लाइ हैं और एक साथ सभी ने यहां व्यंजनों का लुत्फ लिया, साथ ही गीत संगीत और नृत्य कर सुहाने मौसम का आनंद उठाया। इस मौके पर महिलाएं रंग-बिरंगे लहरिए पहनकर सुभाष उद्यान पहुंची। जहां लगे झूलों पर झूल कर सावन का मौसम और तीज का कार्यक्रम सेलिब्रेट किया गया।। वहीं सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में भी महिलाओं और युवतियों ने परिवार की खुशहाली की कामना और प्रार्थना करते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पुष्प, बेलपत्र, धतूरे और दुग्ध जल से भगवान शिव का दुग्ध अभिषेक कर पूजा अर्चना करते हुए मनोकामनाएं मांगी। इसी तरह सावन के तीसरे सोमवार को नगर निगम परिसर स्थित शिव मंदिर में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी संघ की ओर से सहस्त्रधारा का आयोजन किया गया। जिसमें भगवान शिव का जलाभिषेक कर शहर की खुशहाली और तरक्की की प्रार्थना की गई। इसके साथ ही अच्छी बारिश की कामना के साथ भगवान शिव का नयनाभिराम श्रंगार कर महाआरती की गई और शाम को सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved