Post Views 11
June 30, 2022
केंद्रीय कारागृह में सजायाफ्ता बंदियों व महिला सुधार गृह की बंदी महिलाओं के द्वारा जेल की उद्योग शाला में बनाए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी गुरुवार को जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में लगाई गई।
जहां प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन जिला एवं सेशन न्यायाधीश मदन लाल भाटी ने किया। इस मौके पर केंद्रीय कारागृह अधीक्षक सुमन मालीवाल सहित जेल का स्टाफ, न्यायिक अधिकारी, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व अधिवक्ता गण मौजूद रहे।
जिला जज मदन लाल भाटी ने बताया कि जेल में जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल के नेतृत्व में नवाचारों के तहत जिस तरह से सजायाफ्ता बंदियों को स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं वह बेहद सराहनीय है।
आज बंदियों द्वारा बनाए गए विभिन्न हैंडीक्राफ्ट, आर्ट एंड क्राफ्ट आदि उत्पादों की प्रदर्शनी न्यायालय परिसर में लगाई गई है। जहां न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों सहित अधिवक्तागण उत्पादों को खरीद रहे हैं और बंदियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
उन्होंने स्टेज पर शेरो शायरी के माध्यम से बंदियों और उनके प्रयासों को मोटिवेट किया।
केंद्रीय कारागृह अधीक्षक सुमन मालीवाल ने बताया कि जेल में बंदियों के लिए उद्योग शाला संचालित की जाती है। जिसमें आर्ट एंड क्राफ्ट, हैंडीक्राफ्ट, मसाले सजावटी सामान व महिला सुधार गृह की महिलाओं द्वारा बनाई गई स्पेशल रजाइया आज प्रदर्शनी में उपलब्ध कराई गई हैं। यह बेहद उच्च क्वालिटी की नो प्रॉफिट नो लॉस के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे बंदियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने में मदद मिलती है। ऐसे अनेकों कार्य जेल में संचालित किए जा रहे हैं। हाल ही में जेल में आशाएं नामक म्यूजिकल बैंड भी शुरू किया गया है जिसमें सभी बंदी ऑर्केस्ट्रा के माध्यम से मनोरंजक व गीत संगीत के कार्यक्रमों को प्रस्तुत करते हैं। आज इनका पहला प्रदर्शन है। आगामी दिनों में इस ऑर्केस्ट्रा की ओपन बुकिंग भी ली जाएगी।
जेल के बंदियों द्वारा बनाये गए आशाएं नामक बेंड ने इस दौरान गीत संगीत की कई प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved