Post Views 741
July 18, 2017
अजमेर. महंगाई के इस युग और जीएसटी लागू होने के बाद भी सस्ती दर पर भोजन मुहैया कराने के लिए राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा शुरू की गई अन्नपूर्णा योजना लोगों के लिए मददगार बनी हुई है। जरूरतमंद जनता तो सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का फायदा ले ही रही है, लेकिन अब जन्मदिन या अन्य खुशी के मौके पर भी लोग अन्नपूर्णा का उपयोग करने लगे हैं। मात्र 2100 रुपए में 100 लोगों के लिए सुबह का नाश्ता और दो समय के भोजन की व्यवस्था हो सकती है। सामाजिक संस्थाओं के अलावा दान-पुण्य करने वाले लोग अब जरूरतमंदाें को खाना खिलाने के लिए अन्नपूर्णा रसोई का उपयोग करने लगे हैं। इधर, जन्मदिन अन्य आयोजनों पर भी अन्नपूर्णा रसोई का खाना खिलाने का चलन भी बढ़ा है। लोग जन्मदिन की खुशी में जरूरतमंदों को भी शरीक करने लगे हैं। अन्नपूर्णा वैन में अब तक चपाती चूरी मिल रही है, लेकिन जल्द ही चपाती यानी 4 रोटी मिलेगी।
संस्थाएं भी आने लगी आगे... सेवा कार्यों में कर रहे हैं उपयोग
जन्मदिन या अन्य खुशी के अवसर पर लोग अन्नपूर्णा वैन के संचालक को एक दिन पहले ही जाकर बुक कर देते हैं। उन्हें 2100 रुपए दिए जाते हैं। इसमें 100 लोगों को सुबह का नाश्ता कराना होता है। नाश्ते के 5 रुपए की दर से कुल बिल बनता है 500 रुपए। इसके अलावा 100 लोगों को सुबह 100 लोगों को शाम का खाना खिलाने के लिए 8 रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से बिल बनता है 1600 रुपए। इन्हें मिलाकर 2100 रुपए होते हैं। शहर के 5 स्थानों पर तो अन्नपूर्णा वैन खड़ी हाेती ही है, अगर कोई चाहे तो ऐसी वैन को स्लम एरिया, गरीब बस्तियों या शहर के जिस कोने में चाहे ले जा सकते हैं। ऐसे में मामूली रकम खर्च कर वह अपनी इच्छा की पूर्ति कर अपने मन को शांत करते हैं।
बैठाकर खिलाने की योजना पर काम
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा रसोई योजना में अभी लोग खड़े होकर खाना खा रहे हैं। लोग आराम से बैठकर खाना खा सकें, इस योजना पर अमल किया जा रहा है। इसके लिए अजमेर और पुष्कर में जगह निश्चित की जाएगी, जहां आराम से बैठकर लोग भोजन कर सकेंगे।
अन्नपूर्णा वैन पर काफी रिस्पॉन्स मिल रहा है। सरकार की योजना है। लोगों ने इसे काफी सराहा है। 5 रुपए में नाश्ता 8 रुपए में खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। जीएसटी का इस पर कोई असर नहीं पड़ा है। औसतन 300 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जाती है। एक दिन में अजमेर शहर में 1500 लोग वैन पर आकर खाना खा रहे है। वैन पर अभी चपाती चूरी दी जा रही है लेकिन जल्दी ही 4 रोटी दी जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved