Post Views 11
June 17, 2017
रिपोर्टर- दिल्ली पुलिस अंडरवर्ल्ड से जुड़े बदमाशों पर लगाम लगाने में जुट गई है। अब पूर्वी जिला पुलिस ने एक और अंडरवर्ल्ड डॉन अबु सलेम के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े इस शख्स पर दिल्ली व मुंबई में जबरन वसूली, फिरौती, हत्या, हत्या का प्रयास, नकली नोटों की सप्लाई व धमकी देने के करीब दर्जन भर मामलों में शामिल होने का आरोप है। 12 दिन पहले ही आरोपी ने अपनी पत्नी को भी गोली मार घायल कर दिया था। इस संबंध में भी दिल्ली के जनकपुरी में भी मामला दर्ज किया गया था।गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम नगर निवासी उस्मान खान उर्फ जान उस्मान के रूप में हुई है। डीसीपी ओमबीर सिंह के मुताबिक आरोपी को यमुनापार के संजय झील इलाके से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह अपने किसी साथी से रुपये लेने के लिए आया था। पुलिस की बढ़ती सख्ती को देख वह नेपाल भागने की फिराक में था। इसलिए अपने साथी से उसने पैसे से मांग की थी तो उसने संजय झील के पास उसे बुलाया था। उसके कब्जे से पुलिस ने एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं।
3 जून को पत्नी को मारी थी गोली
डीसीपी ने बताया कि आरोपी जान उस्मान ने अपनी पत्नी को 3 जून को गोली मार दी थी। अस्पताल में भर्ती पत्नी ने इस बारे में बयान दिया था तो पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी थाने में इस संबंध में मामला दर्ज भी किया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पूछताछ में यह पता चला कि उसकी पत्नी उसके खिलाफ डाबड़ी थाने में शिकायत करने गई थी तो इस बात से नाराज होकर उसने उस पर गोली चलाई थी। पुलिस के मुताबिक जब पत्नी थाने से लौट रही थी और वह जनकपुरी इलाके में स्थित सी ब्लॉक पहुंची थी को आरोपी उस्मान ने उस पर गोली दागी और फरार हो गया था।
1999 में अबु सलेम से जुड़ा था
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में जान उस्मान ने यह खुलासा किया कि 1999 में अंडरवर्ल्ड डॉन अबु सलेम के संपर्क में आया था। उस्मान ने बताया कि वह जब मुंबई में रहता था तो उस दौरान वह 1996 में एक तेज शूटर एक वासीम से जुड़ा था। उसके जरिये वह अबु सलेम से जुड़ गया। इसके बाद वह सलेम के नेटवर्क से आफताब भटकी से जुड़ गया और उसके साथ नकली नोट के धंधे से जुड़ गया। इस दौरान उसने बांग्लादेश व पाकिस्तान के रास्ते में भारत में बड़े पैमाने पर नकली नोट की सप्लाई की। लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि जेल से बाहर आने के बाद भी वह सलेम नेटवर्क के लिए ही काम करता रहा।
मुंबई जाकर मांगने लगा रंगदारी
जेल से छूटकर बाहर आने के बाद आरोपी उस्मान मुंबई चला गया और नकली नोट के अलावा अंडरवर्ल्ड के नाम रंगदारी भी मांगने लगा। पुलिस की मानें तो वह अबू सलेम के निर्देश पर बॉलीवुड में पैसे उगाहना शुरू कर दिया। बाद में, वह फिल्म वितरक अनिल थडानी के मामले में गिरफ्तार किया गया। हालांकि इस मामले के बाद जेल से बाहर आया उस्मान दिल्ली आया और यहां से वह अंडरवर्ल्ड से जुड़े काले कारोबार को देखने लगा लेकिन उसे वर्ष-2010 में दोबारा से गिरफ्तार कर लिया गया।
राकेश रौशन व दलेर मेंहदी पर गोली चलाई
पुलिस के मुताबिक 2010 में गिरफ्तारी के बाद जब वह दोबारा बाहर आया तो वह एक बार फिर से बॉलीवुड जगत के लोगों को धमकाने में जुट गया। उसने पंजाबी गायक दहेर मेहंदी पर और फिल्म प्रोड्यूसर राकेश रौशन पर गोली भी चलाई। उस दौरान जब उसकी गिरफ्तारी हुई थी तो उसने यह खुलासा किया था कि अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के निर्देशों पर उसने वसूली के लिए उनपर गोली चलाई थी। इतना ही नहीं उसने मुंबई में जाकर एक निर्देशक व कोरियोग्राफर और उनके भाई से जुड़े एक विवाद में भी बॉलीवुड की एक बड़ी हस्ती को धमकाया था।
गैंगेस्टर रवि पुजारी को भी धमकाया था
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश ने कुख्यात गैंगेस्टर रवि पुजारी को भी धमकी दी थी। इसवके अलावा अंडरवर्ल्ड से जुड़े विरोधी गुट के लोगों को निपटाने और यहां तक कि छोटा राजन की हत्या के लिए भी वह सक्रिय हुआ था लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी के आगे उसने राजन मामले से खुद को अलग कर लिया था। बहरहाल पुलिस अब उससे पूछताछ कर कई और परतों को खोलने में जुट गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved