Post Views 811
June 14, 2017
रिपोर्ट- मेट्रो का परिचालन तीन घंटे तक बाधित होने से एक से डेढ़ लाख तक यात्री परेशान रहे। इसकी वजह से मेट्रो में ही नहीं दिल्ली की सड़कों पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। वही, इंटरचेंज स्टेशनों पर प्रवेश व निकास द्वार खुले रहने से मेट्रो स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा रही।
पटेल नगर: मेट्रो 44 मिनट फंसी रही
द्वारका से नोएडा सिटी सेंटर जाने वाले मेट्रो की रफ्तार पटेल नगर आते आते धीमे हो गई। स्टेशन पर कुछ सेकेंड का ठहराव बढ़ता चला गया। दस मिनट तक तो मेट्रो स्टेशन पर कोई घोषणा नहीं हुई। फिर यात्रियों को बताया गया कि देरी का कारण तकनीकी खराबी है। करीब 44 मिनट तक मेट्रो पटेल नगर मेट्रो स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद बेहद धीमी रफ्तार में आगे बढ़ी। इस दौरान हर स्टेशन पर 15 से 20 मिनट का ठहराव रहा। करीब एक घंटे का नोएडा सिटी सेंटर का रास्ता चार घंटे में किसी तरह से पूरा हुआ। इस बाबत जब पटेल नगर मेट्रो स्टेशन पर संबंधित कर्मचारी से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।
कीर्ति नगर: 25 मिनट तक करना पड़ा इंतजार
मेट्रो में सफर कर रहे फिरोज हसन ने बताया कि शाम के समय वह पीरा गढ़ी से सवार होकर कीर्ति नगर पहुंचे। वहां से जब वह ऊपर ब्लू लाइन में सवार होने के लिए पहुंचे तो वहां प्लेटफॉर्म पर भीड़ लगी हुई थी। लगभग 25 मिनट बाद वहां पर मेट्रो आई। भारी भीड़ के बीच किसी तरह वह मेट्रो में सवार हुए।
राजीव चौक: हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई
मेट्रो प्रभावित होने के चलते राजीव चौक पर हजारों लोग जमा हो गए। दोनों तरफ से मेट्रो लगभग 20 से 25 मिनट की देरी से आ रही थी। ऐसे में मेट्रो पर सवार होना भी लोगों के लिए बेहद मुश्किल हो रहा था। दोनों तरफ सिर्फ लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। सैकड़ों यात्री तो भीड़ देखकर ही बाहर निकल गए।
यमुना बैंक : 25 से 30 मिनट देर से आ रही थी ट्रेनें
जब पटेल नगर से मेट्रो चली तो उसके बाद प्रत्येक स्टेशन (यमुना बैंक तक) पर करीब 10 से 12 मिनट तक खड़ी रहने के बाद ही मेट्रो अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई। इस दौरान मेट्रो में कई बार आपस में ही यात्री एक दूसरे से जूझते दिखे। इस दौरान कई महिलाओं ने परेशानी की भी शिकायत की। वहीं, इस वजह से यमुना बैंक पर आने वाली ट्रेनें 25 से 30 मिनट देर से आ रही थी।
चील की वजह से हुआ शॉर्ट सर्किट
मेट्रो लाइन में आई गड़बड़ी का कारण एक चील रहा। गड़बड़ी का पता चलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने ट्रैक पर एक चील को मृत अवस्था में पड़ा हुआ देखा। करंट लगने से उसकी मौत हुई है। यह माना जा रहा है कि उसके तार पर बैठने की वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और दोनों स्टेशनों के बीच जा रही यह तार टूट गई। इस गड़बड़ी का पता चलते ही तुरंत उसकी मरम्मत के लिए विशेषज्ञों की एक टीम को लगाया गया। इसकी मरम्मत कर तार बदलने में लगभग दो घंटे का समय लगा।
ब्लू लाइन पर बार-बार खराबी क्यों
ब्लू लाइन के बार-बार खराब होने के पीछे कई कारण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ब्लू लाइन मेट्रो की इकलौती ऐसी लाइन है, जिसका अधिकांश हिस्सा खुला हुआ है। ब्लू लाइन का 95 फीसदी हिस्सा खुला हुआ है। इसकी कुल लंबाई 50.56 किमी है, जबकि यमुना बैंक-वैशाली सेक्शन (लाइन-4) की लंबाई 6.25 किलोमीटर है। एक तरफ जहां मौसम का सीधा असर ट्रैक पर लगे उपकरणों पर पड़ता है। वहीं, पक्षी के तार पर बैठने के चलते भी कई बार शॉर्ट-सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका रहती है।
सबसे व्यस्त लाइन है
द्वारका को नोएडा और वैशाली से जोड़ने वाली ब्लू लाइन मेट्रो की सबसे व्यस्त लाइन है। सुबह व शाम के समय इस लाइन पर मेट्रो दो से तीन मिनट की फ्रीक्वेंसी में दौड़ती है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार इस लाइन से औसतन 10 लाख लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं। विशेष मौकों पर यात्रियों की संख्या 12 लाख तक पहुंच जाती है।
कब कब सेवा प्रभावित रही
7 फरवरी 2017 : ब्लू लाइन पर सिग्नल प्रणाली में खराबी आने के चलते मेट्रो की रफ्तार धीमी करनी पड़ी।
11 जनवरी 2017: ब्लू लाइन पर द्वारका में सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी आने के चलते मेट्रो को धीमी रफ्तार से चलाना पड़ा।
3 जनवरी 2017: प्रगति मैदान से मंडी हाउस के बीच मेट्रो के ओएचई को नुकसान पहुंचने से मेट्रो की रफ्तार को धीमा किया गया
25 दिसंबर 2016: इंद्रप्रस्थ-यमुना बैंक के बीच मरम्मत कार्य
18 दिसंबर 2016: यमुना बैंक-इंद्रप्रस्थ के बीच ट्रैक सर्किट ड्राप, सेवा बाधित
8 दिसंबर 2016: राजेन्द्र नगर स्टेशन पर कोच से धुआं उठने से आई बाधा
इनका कहना है
पटेल नगर स्टेशन पर ट्रेन के लिए मैं आधे घंटे तक इंतजार करता रहा। यहां यह जानकारी भी नहीं मिल रही थी कि परिचालन कितनी देर में सामान्य होगा।
- रजा, पटेल नगर
मुझे 7:30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचना था। मैं 5:45 बजे राजीव चौक पहुंच गया था। मगर 6:30 बजे तक मेट्रो में सवार नहीं हो सका। ऑटो लेकर बमुश्किल ट्रेन से पांच मिनट पहले पहुंचा।
- अमनदीप
मंगलवार को मेट्रो सेवा में खराबी आने की वजह से वरिष्ठ नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
- कौशल कुमार
स्टेशन पर ट्रेन 25 से 30 मिनट की देरी से आई। इस वजह से मैं कोचिंग समय पर नहीं पहुंच पाई।
- नेहा, यमुना बैंक स्टेशन
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved