Post Views 871
June 11, 2017
रिपोर्ट- जून महीने की शुरुआत से चल रहे किसानों के आंदोलन के हिंसक होने के चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठने की अपनी घोषणा के चलते भेल के दशहरा मैदान पहुंच गए। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान समेत पार्टी के कई आला नेता और मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह चौहान भी उनके साथ मौजूद हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल के बहुत से सदस्य भी दशहरा मैदान पर उपस्थित हैं। चौहान ने कल इस अनिश्चितकालीन उपवास के बारे में घोषणा की थी। घोषणा के मुताबिक मुख्यमंत्री उपवास के दौरान राजधानी के भेल दशहरा मैदान से ही सरकार चलाएंगे। इसके लिए यहीं अस्थाई तौर पर मुख्यमंत्री के मंच के पीछे कार्यालयनुमा व्यवस्थाएं की गईं हैं। आज दिन भर यहीं बैठकों का दौर चलेगा। मुख्यमंत्री के विश्राम के लिए भी यहां व्यवस्थाएं जमाई गई हैं। प्रदेश में पिछले 11 साल से भी ज्यादा समय से मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदर्शनकारियों से दशहरा मैदान में आकर खुला संवाद करने की अपील की है। इसके लिए यहां अलग से व्यवस्थाएं की गईं हैं। मुख्यमंत्री के मंच के सामने सैकड़ों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के उपवास को देखते हुए राजधानी के भेल क्षेत्र समेत पूरे इलाके में सुरक्षा की चाक-चाबंद व्यवस्था की गई है। दशहरा मैदान के आसपास का भेल का यह क्षेत्र आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार का होने के चलते आते-जाते लोगों पर खासी निगरानी रखी जा रही है। यातायात प्रभावित नहीं हो, इस बात का भी खास ध्यान रखा जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved