Post Views 11
June 9, 2017
मंदसौर रिपोर्ट । किसान आंदोलन की आग में झुलसे मंदसौर में जीवन वापस पटरी पर लौटने लगा है। शुक्रवार को प्रशासन ने चार थाना क्षेत्रों में लगे कर्फ्यू में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक की ढील दी। इस दौरान पेट्रोल पंप, थोक सब्जी मंडी और अन्य दुकानें खुले, जिससे लोगों को राहत मिली।
प्रशासन ने शहर में सामान्य सभा करने पर रोक लगा दी है। सुबह सामान्य दिनों की तरह लोग टहलते नजर आए। इसके पहले प्रशासन ने गुरुवार शाम दो घंटे की ढील दी थी।
कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद लोग जरूरत का सामान लेने के लिए घरों से बाहर निकल आए। यहां सब्जी, दूध और अन्य दुकानों पर भीड़ लग गई। इस दौरान पूरे शहर में पुलिस गश्त करती रही।
एक और किसान की मौत
मंदसौर में पुलिस की पिटाई से घायल एक और किसान घनश्याम धाकड़ की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रदर्शन के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। जहां गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
मंदसौर में हालात सामान्य : एसपी
नए एसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि शहर में अब हालात सामान्य है। किसी बाहर व्यक्ति को अंदर घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंसा को लेकर अब तक 156 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंदसौर आने के बाद वे हर उस जगह पर गए जहां हिंसा हुई थी। लेकिन अब स्थिति पहले से काफी बेहतर है।
आप नेता जाएंगे मंदसौर
आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष, संजय सिंह और भगवंत मान मंदसौर में मृत किसानों के परिवार से मिलने जाएंगे। इंदौर आकर वे मंदसौर के लिए रवाना होंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved