Post Views 821
June 5, 2017
नई दिल्ली - नगर निगम के चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर रविवार को हुई बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने हिस्सा लिया बैठक खत्म होने के बाद केजरीवाल के आवास से बाहर आए पार्टी के नेता संजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी किसानों के खराब हालात पर देश भर में आंदोलन करेगी। 10 जून से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब समेत तमाम राज्यों में आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में तय किया गया है कि दिल्ली की तर्ज पर पार्टी देश भर में मजबूत संगठन बनाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में किसानों के कर्ज माफी के लिए प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में विभिन्न राज्यों से संबंध रखने वाले नेताओं ने अपने राज्य के राजनीतिक हालात और संगठन की स्थिति की जानकारी दी।संजय सिंह ने कहा कि पार्टी से जुड़े तमाम विवाद बनावटी व बेबुनियाद हैं और बैठक में इस पर चर्चा नहीं हुई। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए संजय सिंह ने इसे कॉमेडी शो करार दिया।पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास से जब कपिल मिश्रा के उस दावे पर टिप्पणी मांगी गई जिसमें कपिल ने केजरीवाल के कहने पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने की बात कही है, तो विश्वास ने कहा कि राजनीतिक जीवन में आपको साजिश का शिकार होना पड़ता है। वहीं कपिल मिश्रा द्वारा केजरीवाल के खिलाफ एक के बाद एक लगाए जा रहे आरोपों पर जवाब देने के बदले वह चुप्पी साध गए और धन्यवाद बोलते हुए चले गए।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved