Post Views 01
October 31, 2026
दीपावली से ठीक पहले सफाई कर्मचारियों का हल्लाबोल, 2 महीने का वेतन न मिलने पर प्रदर्शन
दीपावली का सबसे बड़ा त्यौहार सिर पर है, लेकिन अजमेर में सफाई कर्मचारियों के घरों में अंधेरा छाया हुआ है। अपनी मेहनत के हक और बकाया वेतन की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 2 महीनों से उन्हें वेतन नहीं दिया गया है और 6 महीनों से उनका पीएफ (PF) भी जमा नहीं हुआ है। न तो ठेकेदार उनकी बात सुन रहा है और न ही प्रशासन इस पर कोई ध्यान दे रहा है। सफाई कर्मचारी सुनील भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि न प्रशासन ध्यान दे रहा है, न ठेकेदार ध्यान दे रहा है। सबसे बड़ा त्यौहार है हिंदुओं का दीपावली, और 2 महीने का पेमेंट अभी तक नहीं हुआ। कोई सुनवाई नहीं हो रही है... पिछले 28-30 सालों से कर्मचारी काम कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। हमारी बस यही मांग है कि हमारा 2 महीने का पेमेंट और 6 महीने का पीएफ दिया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन केवल फोन पर आश्वासन दे रहा है कि काम पर लौट जाओ, पेमेंट आ जाएगा, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसके विरोध में कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिससे शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगने लगे हैं। अब देखना होगा कि दीपावली के त्यौहार से ठीक पहले प्रशासन इन कर्मचारियों की सुध कब तक लेता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved